मुंबई । गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। BSE Sensex 1,942.22 अंक (2.55%) टूटकर 74,750.92 पर और Nifty 50 580 अंक (2.4%) गिरकर 23,197.75 पर बंद हुआ। बाजार में चौतरफा बिकवाली का माहौल रहा, जिसमें रियल्टी, बैंकिंग, ऑटो, मेटल और फाइनेंशियल सेक्टर के सभी प्रमुख सूचकांक लाल निशान में रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी कमजोरी दर्ज की गई।
सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर गिरावट में रहे। HDFC Bank, Axis Bank, Larsen & Toubro, Maruti Suzuki और Bajaj Finance प्रमुख लूजर्स रहे। वहीं NTPC और Power Grid Corporation of India में हल्की बढ़त देखने को मिली।
बाजार में इस गिरावट की बड़ी वजह मध्य पूर्व में बढ़ता तनाव माना जा रहा है। Iran और Qatar के बीच बढ़े टकराव और तेल-गैस ठिकानों पर हमलों से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिससे वैश्विक बाजारों पर दबाव बढ़ा है। एशियाई और अमेरिकी बाजारों में भी कमजोरी का असर दिखा।
इस बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 2,714 करोड़ रुपये की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 3,253 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को आंशिक सहारा दिया।
