देश दुनियां

मकर संक्रांति पर खुलेंगे आदिबदरी मंदिर के कपाट, 14 से 20 जनवरी तक महाभिषेक समारोह

कर्णप्रयाग। प्रसिद्ध आदिबदरी मंदिर के कपाट आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। मंदिर समिति के अनुसार, कपाट उद्घाटन प्रातः साढ़े पांच बजे विधि-विधान के साथ किया जाएगा। कपाट खुलने के साथ ही 14 जनवरी से 20 जनवरी तक महाभिषेक समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

कपाट उद्घाटन के शुभ मुहूर्त की घोषणा मंदिर के मुख्य पुजारी चक्रधर थपलियाल ने मंदिर समिति की बैठक में की। रविवार को मंदिर परिसर में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश बहुगुणा ने की। बैठक में कपाट खुलने के उपरांत सप्ताहभर चलने वाले धार्मिक अनुष्ठानों, पूजा विधि तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई।

निर्णय लिया गया कि 14 जनवरी से गढ़वाल राइफल्स कीर्तन मंडप में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र की महिला मंगल दलों द्वारा भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से आयोजन के दौरान अनुशासन बनाए रखने और परंपराओं का पालन करने की अपील की है। मकर संक्रांति पर आदिबदरी मंदिर के कपाट खुलने को लेकर क्षेत्र में भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button