नई दिल्ली। वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के पहले मैच में महज 56 गेंद में शतक ठोका। वैभव ने शतक पूरा करने के दौरान 9 छक्के और पांच चौके मारे। उनके और एरॉन जॉर्ज के बीच दूसरे विकेट के लिए 150 प्लस रन की साझेदारी हुई।
वैभव ने अपने पचास रन सिर्फ 30 गेंद में पूरे किए। ये इस साल वैभव का छठा शतक है। यह इस बैटिंग सेंसेशन का दूसरा लिस्ट A शतक था, इससे पहले उन्होंने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड में अपना पहला शतक बनाया था।
14 साल के सूर्यवंशी ने सावधानी से शुरुआत की और दूसरे ओवर में अली असगर शम्स के खिलाफ लगातार पांच डॉट बॉल भी खेलीं। हालांकि, उन्होंने उसी ओवर की आखिरी गेंद पर अपना पहला चौका लगाया और तब से पीछे मुड़कर नहीं देखा।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। कप्तान आयुष म्हात्रे 4 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, वैभव पर इसका कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने एक छोर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और लगातार चौके-छक्कों की बरसात जारी रखी।
दूसरे छोर पर उन्हें जॉर्ज का अच्छा साथ मिला। जॉर्ज ने भी 7 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। शतक पूरा करने के बाद वैभव और खतरनाक हो गए और अगले ही ओवर में अली असगर के खिलाफ दो छक्के उड़ाए।
इसके बाद से ही दोनों बल्लेबाजों ने सीधे फोर्थ गियर में बल्लेबाजी शुरू कर दी और हर ओवर में चौके-छक्के उड़ा रहे हैं। दोनों ने 24 ओवर में ही भारत का स्कोर 200 रन तक पहुंचा दिया है। वैभव अब तक 12 छक्के मार चुके हैं।
